×

माइनर पर अवैध कुलावा डालने का आरोप, सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने पर किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

माइनर पर अवैध कुलावा डालने का आरोप, सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने पर किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

चंदौली। जनपद के ग्राम वाजिदपुर में माइनर पर कथित अवैध कुलावा डाले जाने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने का मामला सामने आया है। गांव के किसान नरेंद्र तिवारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध निर्माण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता नरेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि गांव के बाहर गंगा नहर से निकले लीलापुर माइनर पर कुछ लोगों द्वारा प्लाटिंग के उद्देश्य से अवैध रूप से कुलावा डालकर आवागमन का रास्ता बना लिया गया है। उनका कहना है कि इससे माइनर का प्राकृतिक जल प्रवाह बाधित हो गया है, जिसके कारण नहर का पानी आगे तक नहीं पहुंच पा रहा है और किसानों के खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि इस संबंध में सिंचाई विभाग को पूर्व में भी लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि जल निकासी बाधित होने से कई खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है और किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।

किसान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि माइनर पर डाले गए कथित अवैध कुलावे को तत्काल हटवाया जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा माइनर की जलधारा को पूर्ववत बहाल कराया जाए, ताकि किसानों को समय पर सिंचाई का लाभ मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता है तो किसानों की समस्या का समाधान होने के साथ-साथ भविष्य में माइनरों पर अवैध अतिक्रमण और कब्जे की घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।

Share this story