चंदौली में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म, चचेरे भाई पर आरोप, आरोपी गिरफ्तार
चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 20 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप उसके ही चचेरे भाई पर लगा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की मां द्वारा थाने में तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अलीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
