चंदौली में कई निरीक्षकों के तबादले, कानून व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद, देखें लिस्ट...
चंदौली। जनपद चंदौली में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और पुलिसिंग में और मजबूती लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने कई निरीक्षक स्तर के अधिकारियों का तबादला किया है। यह आदेश जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति के बाद जारी किया गया।


जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को पुलिस लाइन से हटाकर थाना मुगलसराय का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी रहे निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र को थाना बबुरी का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
थाना मुगलसराय में तैनात निरीक्षक गगन राज सिंह को अब जन शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही थाना बबुरी के प्रभारी निरीक्षक रहे सूर्य प्रकाश मिश्र को जनपद नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निरीक्षक हरिनारायन पटेल को साइबर थाना का प्रभारी निरीक्षक बनाए रखा गया है। वहीं साइबर थाना के प्रभारी रहे निरीक्षक राम जनम यादव को अब जनपद की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त एसओजी एवं सर्विलांस में तैनात उप निरीक्षक आशीष कुमार मिश्र को सर्विलांस सेल का प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन तबादलों का उद्देश्य जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
