चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के सोगाई गांव के लक्ष्मणपुर पुरवा में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार को उसका शव घर में फंदे से लटका मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र कमला प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम प्रमोद का शराब के नशे में अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद नाराज होकर पत्नी अपने मायके चली गई थी। इसके अगले दिन रविवार को प्रमोद का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जहां टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
