×

चंदौली में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, टीवी और इन्वर्टर बरामद

सैयदराजा पुलिस ने ग्राम दिघवट स्थित घर से पकड़ा आरोपी, चोरी के सामान को किया बरामद

चंदौली। जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर टीवी और इन्वर्टर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया 42 इंच का टीवी और इन्वर्टर भी बरामद किया है। आरोपी की पहचान मनोज राजभर (35) निवासी ग्राम दिघवट के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम फेसुड़ा निवासी लकी चौहान पुत्र राजकुमार चौहान ने 15 नवंबर की रात घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति ने घर का ताला तोड़कर 42 इंच का टीवी और इन्वर्टर चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 338/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए), 331(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के खुलासे के लिए सैयदराजा पुलिस टीम जांच में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और वादी के सहयोग से पुलिस ने ग्राम दिघवट में कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज राजभर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का 42 इंच का टीवी और एक इन्वर्टर बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बालवीर सिंह यादव, कांस्टेबल शंकर राम और कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे।

Share this story