चंदौली में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में सिंचाई कर रहे किसान की मौत!
चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान कवलपुरा गांव निवासी 37 वर्षीय श्याम कुमार, पुत्र स्वर्गीय तेजबहादुर, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 11 बजे श्याम कुमार बारिश के दौरान अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे और धान की रोपाई की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
श्याम कुमार अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी कुमकुम सिंह (35 वर्ष), दो बेटे ऋषभ सिंह (22 वर्ष) और राघवेंद्र प्रताप सिंह (20 वर्ष) हैं। वह दो भाइयों में छोटे थे, जबकि उनके बड़े भाई रिंकू सिंह वाराणसी में रहते हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।
