×

चंदौली में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ विधान परिषद चुनाव

 चंदौली में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ विधान परिषद चुनाव

चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले में खंड स्नातक निर्वाचन के लिए लगभग 43.38 प्रतिशत और खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए 71.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्वयं विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारी मतदान समाप्ति तक लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की सतर्क निगरानी के बीच मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही। जिला प्रशासन के अनुसार, जनपद में मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

मतदान संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस बल के जवानों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने वाले नागरिकों और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सभी के सहयोग की सराहना की।

Share this story