×

गंगा घाट पर मिले कपड़े, टोपी और साइकिल... युवक कहां गया? चंदौली में डूबने की आशंका से मचा हड़कंप

गंगा घाट पर मिले कपड़े, टोपी और साइकिल... युवक कहां गया? चंदौली में डूबने की आशंका से मचा हड़कंप
 

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुंडा खुर्द गंगा घाट पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब घाट किनारे एक युवक की साइकिल, टोपी और कपड़े लावारिस हालत में मिले। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक गंगा स्नान के दौरान नदी में डूब गया हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब पांच बजे स्थानीय ग्रामीण गंगा घाट पहुंचे तो वहां एक साइकिल, टोपी और कपड़े पड़े दिखाई दिए। काफी देर तक आसपास किसी व्यक्ति का पता नहीं चलने पर ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में युवक की तलाश कराई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कुंडा खुर्द गंगा घाट पर साइकिल और कपड़े मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। ग्रामीणों द्वारा एक युवक के नदी में डूबने की आशंका जताई गई है। फिलहाल गोताखोरों की सहायता से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास के गांवों में भी युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं घटना के बाद घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

 

Share this story