चंदौली में क्षत्रिय महासभा युवा प्रदेश अध्यक्ष हाउस अरेस्ट! फूलपुर जाने से रोका, मनीष सिंह हत्याकांड से जुड़ा मामला
चंदौली/अलीनगर। चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में क्षत्रिय महासभा युवा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह को मंगलवार सुबह उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने उन्हें वाराणसी के फूलपुर जाने से रोक दिया, जहां वे हाल ही में मुठभेड़ में घायल हुए आरोपियों की स्थिति की सत्यता जानने और मनीष सिंह के परिजनों से मुलाकात करने वाले थे।
भूपेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन एक मंत्री के दबाव में उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और वे समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। बताया गया कि सुबह करीब 7 बजे से उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।
यह पूरा मामला वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को हुए मनीष सिंह हत्याकांड से जुड़ा है, जिसमें अब तक नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं दो मुख्य आरोपी-आशीष राजभर और मनीष राजभर- जिन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे।
भूपेंद्र प्रताप सिंह इन आरोपियों की सत्यता की जांच और उनके घरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर फूलपुर जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया।
