×

डीएम की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक, स्वच्छता और हरियाली पर जोर

डीएम की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक, स्वच्छता और हरियाली पर जोर
चंदौली में पर्यावरण संरक्षण पर जोर, डीएम की अध्यक्षता में जिला गंगा, पर्यावरण एवं वृक्षारोपण समिति की बैठक
 

चंदौली। जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक मंगलवार को जूम मीटिंग के माध्यम से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, गंगा स्वच्छता तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने शासन से प्राप्त वृक्षारोपण लक्ष्य एवं उसकी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने पूर्व वर्षों में किए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान गंगा एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग (रीयूज) के तहत नदी, तालाब एवं धार्मिक स्थलों पर जल में तैरते कचरे को रोकने के लिए फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर लगाने के प्रथम प्रयास पर चर्चा हुई। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी एवं संबंधित नगर निकायों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक के नियंत्रण, ठोस अपशिष्ट के पृथक्करण एवं अंतिम निस्तारण को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान सड़कों पर उड़ने वाली धूल (रोड डस्ट) को नियंत्रित करने, घरेलू एवं व्यावसायिक कचरे के समुचित निस्तारण, अवैध डंपिंग रोकने तथा निर्माण अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। प्लास्टिक कचरे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने और इसके लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने, लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छता गतिविधियों में उनकी सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, प्रभागीय वनाधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story