जिगना घाट-बड़सरा पीपा पुल का उद्घाटन, चंदौली और गाजीपुर के बीच आवागमन हुआ सुगम
धानापुर (चंदौली)। चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड क्षेत्र में जिगना घाट से गाजीपुर जनपद के करंडा ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध नागा बाबा धार्मिक स्थल (बड़सरा) तक निर्मित नए पीपा पुल का उद्घाटन बुधवार शाम सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने फीता काटकर किया। लगभग 2.57 करोड़ रुपये (257.11 लाख रुपये) की लागत से निर्मित इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से दोनों जनपदों के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि यह पुल क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से धानापुर और गाजीपुर के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा किसानों, व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को आवागमन में समय और संसाधनों की बचत होगी।

ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने बताया कि लंबे समय से स्थानीय लोगों को गाजीपुर आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पीपा पुल के निर्माण से अब लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह चंदौली और गाजीपुर को जोड़ने वाला दूसरा पीपा पुल है। इससे पूर्व नगवा-चौचकपुर घाट पर भी एक पीपा पुल का निर्माण कराया जा चुका है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल, रमेश यादव ‘बबलू’, सुरेश मौर्य, सुशील सिंह जनौली, राणा सिंह, रमेश द्विवेदी, चंद्रभान मौर्य, कमलाकांत मिश्र, देवेंद्र सिंह, अजीत सिंह तथा धर्म सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जमुना बिंद (बरहन) ने की, जबकि संचालन गोपाल बिंद ने किया।
