"शराब की दुकान खुली तो बर्बाद हो जाएगा भविष्य!" चंदौली में सैकड़ों महिलाओं का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन...
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के जमसोती गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश सामने आया है। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर शराब की दुकान खोले जाने का विरोध जताया।
महिलाओं का कहना था कि गांव के समीप शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और युवाओं तथा बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं भावुक हो गईं और हाथ जोड़कर प्रशासन तथा मीडिया से दुकान न खुलवाने की अपील की।

महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय कक्ष में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के बीचों-बीच और जंगल क्षेत्र के निकट शराब की दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे ग्रामीण परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
महिलाओं ने कहा कि गांव के अधिकांश लोग मजदूरी और खेती पर निर्भर हैं। यदि शराब की दुकान खुलती है तो मेहनत की कमाई नशे में बर्बाद होगी और घरेलू विवाद बढ़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रस्तावित दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन देते हुए नौगढ़ एसडीएम और आबकारी विभाग के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं ने कहा कि गांव के हित और आने वाली पीढ़ी के भविष्य की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
