×

चंदौली: जमसोत प्राथमिक विद्यालय के मिड-डे मील पर विवाद, वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू

चंदौली: जमसोत प्राथमिक विद्यालय के मिड-डे मील पर विवाद, वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू


चंदौली। जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के जमसोत गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन पर बच्चों के भोजन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में बच्चों के लिए बनाए जा रहे चावल के पास एक आवारा कुत्ता पहुंच गया और उसने चावल को खा लिया। आरोप है कि कुत्ते द्वारा झूठा किए गए चावल को हटाने के बजाय बच्चों के भोजन में इस्तेमाल किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।

ग्रामीण वीरेंद्र कुमार, शिव प्रसाद, संतोष, राम प्रसाद और रामबली का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती होने के बावजूद नियमित रूप से उपस्थिति नहीं रहती। उन्होंने विद्यालय की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ज्ञानप्रकाश राय ने ग्रामीणों के आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि जैसे ही रसोइया ने कुत्ते को चावल के पास देखा, उसे तुरंत भगा दिया गया और वह चावल हटाकर बच्चों के लिए नया भोजन तैयार कराया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को झूठा भोजन नहीं परोसा गया।

खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नोट: फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share this story