×

सड़क नहीं खेत है साहब! ग्रामीणों ने धान रोपकर जिम्मेदारों को दिखाया आईना

सड़क नहीं खेत है साहब! ग्रामीणों ने धान रोपकर जिम्मेदारों को दिखाया आईना  
अहिकौरा की बदहाल सड़क पर अनोखा विरोध, ग्रामीण बोले- मरम्मत नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन

चंदौली। धानापुर विकासखंड के अहिकौरा गांव में मुख्य मार्ग से शिवाला जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। लंबे समय से खराब सड़क की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए सड़क पर ही धान रोपकर जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराया। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग से शिवाला तक जाने वाला रास्ता लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को होती है। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान, ब्लॉक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों में जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन में बीरेंद्र, सोनी, गिरजा, शांति, जवाहिर, अमित, राधिका, सीमा, राजकुमारी और दीनदयाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मामले का संज्ञान लेते हुए सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

वहीं, इस मामले में खंड विकास अधिकारी राकेश मिश्रा ने बताया कि सड़क की स्थिति की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई कर सड़क की मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा।

Share this story