अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर गिरफ्तार, छह चोरी की बाइक बरामद
चंदौली। जनपद चंदौली में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिन्हें विभिन्न स्थानों से चुराया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अस्पताल, कचहरी, बाजार, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद आरोपी वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे और उन्हें बिहार में सक्रिय शराब तस्करों को बेच देते थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य चंदौली, सैयदराजा और सकलडीहा क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। गिरोह में बिहार के कैमूर जिले और चंदौली जनपद के आरोपी शामिल हैं, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर मझवार रेलवे स्टेशन क्षेत्र से भी एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सभी बाइकें विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
सदर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
