सैयदराजा में बिजली समस्या पर मंथन, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज दूर करने के निर्देश
चंदौली/सैयदराजा। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी बिजली संकट, बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर बढ़ रही जन असंतोष की स्थिति के बीच जनप्रतिनिधि ने वाराणसी एवं चंदौली के वरिष्ठ विद्युत अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में प्रबंध निदेशक (एमडी) विद्युत वाराणसी शम्भू कुमार, मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) वाराणसी/चंदौली प्रवेश कुमार, अधीक्षण अभियंता चंदौली जसमीर सिंह तथा अधिशासी अभियंता सकलडीहा नरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधि ने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में लगातार हो रही बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति से आमजन को हो रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के मौसम में बिजली संकट के कारण आम नागरिकों, किसानों, व्यापारियों तथा विद्यार्थियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विद्युत व्यवस्था में तत्काल और स्थायी सुधार आवश्यक है।

इस पर वरिष्ठ विद्युत अधिकारियों ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। ट्रिपिंग की घटनाओं को कम करने, लो वोल्टेज की शिकायतों का त्वरित समाधान करने, जर्जर एवं खराब विद्युत लाइनों तथा उपकरणों की मरम्मत कराने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन क्षेत्रों में तकनीकी कारणों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराए जाएंगे। साथ ही अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा क्षेत्र में नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।
