प्रभारी मंत्री ने मद्धूपुर वृद्धाश्रम का किया औचक निरीक्षण, बुजुर्गों का जाना कुशलक्षेम
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री तथा चंदौली जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान मद्धूपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और फल वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने वृद्धाश्रम में स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनसे बातचीत की और आश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में सीधे उनका फीडबैक लिया।

निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी समय-समय पर वृद्धाश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें। साथ ही बुजुर्गों के लिए नियमित अंतराल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और चिकित्सा परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रम में बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और आवासीय सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार वृद्धजनों के कल्याण और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आश्रम में आवास, भोजन और नियमित स्वास्थ्य जांच के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी समय-समय पर आश्रम का दौरा कर व्यवस्थाओं का स्वयं अवलोकन करें।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
