×

अधिकारियों के आश्वासन पर टूटी भूख हड़ताल, सड़क-नाली निर्माण की जगी उम्मीद

अधिकारियों के आश्वासन पर टूटी भूख हड़ताल, सड़क-नाली निर्माण की जगी उम्मीद

चंदौली। धानापुर ब्लॉक के वर्दीसंडा पश्चिम बस्ती में सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन सोमवार को समाप्त हो गया। तहसील और ब्लॉक के अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने धरने का नेतृत्व कर रहे दिवाकर रावण को मिठाई खिलाकर और जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया।

सोमवार शाम तहसीलदार सकलडीहा अभिजीत प्रताप सिंह और बीडीओ धानापुर एवं डीसी मनरेगा राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क तथा नाली निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारियों ने अनशन समाप्त कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पिछले करीब 20 वर्षों से विकास कार्य नहीं हुए हैं। सड़क और नाली की समस्या के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर दिवाकर रावण के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू की थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी धरने को समर्थन दिया था।

अधिकारियों के आश्वासन पर टूटी भूख हड़ताल, सड़क-नाली निर्माण की जगी उम्मीद

ग्रामीण कंचन देवी ने बताया कि गांव में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आवागमन में काफी कठिनाई होती है। स्थिति यह है कि बीमार लोगों को चारपाई पर लादकर करीब एक किलोमीटर दूर तक ले जाना पड़ता है। सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज में भी परेशानी उठानी पड़ती है।

इस भूख हड़ताल में कंचन देवी, मालती देवी, परमशिला देवी, सुनीता देवी और दिवाकर रावण समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया है। अब ग्रामीणों को सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।

Share this story