चंदौली। जनपद में बीते शाम आए तेज आंधी-पानी ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। बरहनी विकास खंड के काजीपुर गांव में तेज हवाओं के चलते एक विशाल नीम का पेड़ अचानक मकान पर गिर पड़ा, जिससे घर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार काजीपुर गांव निवासी उषा देवी पत्नी कैलाश मौर्य के मकान पर अचानक पुराना नीम का पेड़ गिर गया। उस समय तेज आंधी और बारिश का दौर जारी था। पेड़ गिरने से मकान की छत और दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़िता उषा देवी ने बताया कि हादसे में घर के अंदर रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और मकान की मरम्मत कराना उनके लिए आसान नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने और प्रभावित परिवार की मदद करने की मांग की। स्थानीय लोगों के मुताबिक तेज आंधी और बारिश के चलते क्षेत्र में कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को जल्द राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि उन्हें दोबारा रहने योग्य व्यवस्था मिल सके।
