×

चंदौली में रहस्यमयी मौत! ड्यूटी से लौटे होमगार्ड जवान का शव तख्त के नीचे मिला, कान से निकल रहा था खून

Chandauli News, Death of a Home Guard jawan, Baburi Police Station, Shrikanthpur village, Suspicious death, Vijay Kumar Bharti, Police investigation
  चंदौली में होमगार्ड जवान की संदिग्ध मौत, तख्त के नीचे मिला शव

चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के श्रीकांठपुर गांव में एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बुधवार की सुबह जवान का शव घर के बरामदे में तख्त के नीचे पड़ा मिला। कान से खून निकलता देख परिजनों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की पहचान विजय कुमार भारती (52) निवासी श्रीकांठपुर के रूप में हुई है। वह होमगार्ड विभाग में तैनात थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी अलीनगर थाने में लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम वह ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे।

बुधवार की अलसुबह परिजनों ने उन्हें घर के बरामदे में तख्त के नीचे संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। कान से खून निकलने के कारण मामला गंभीर प्रतीत हुआ, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डायल-112, बबुरी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

होमगार्ड जवान की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this story