हिन्दू युवा वाहिनी व त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की बैठक सम्पन्न, एक माह तक चलेगा वृहद वृक्षारोपण अभियान
चन्दौली, चहनियाँ। हिन्दू युवा वाहिनी चन्दौली एवं त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को बृज नंदनी कॉन्वेंट स्कूल, चहनियाँ में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी विकास प्राधिकरण बोर्ड के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह ‘भोला’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मोत्सव के अवसर पर शुरू होने वाले मासिक वृहद वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का शुभारंभ 5 जून 2026 को होगा और जिलेभर में प्रतिदिन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 5 जुलाई 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि अम्बरीश सिंह भोला ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और हरित समाज के निर्माण के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रामदयाल यादव ‘रिंकू’, जिला उपाध्यक्ष अतुल सिंह रघुवंशी, विमल सिंह ‘दादा’, जिला महामंत्री शैलेश चंद्र यादव, जिला मंत्री मनीष श्रीवास्तव, संतोष खरवार, अजय राय, विकास निषाद, ललित विश्वकर्मा, रामदयाल साहनी, राहुल कश्यप, अखिलेश अग्रहरि, जिला पंचायत सदस्य गोपाल सिंह ‘बबलू’ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
