मौत को दावत देता हाईटेंशन तार! फुटिया गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से दहशत, ग्रामीणों का प्रदर्शन
चंदौली। सदर विकास खंड के फुटिया गांव में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार जमीन से महज साढ़े पांच फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर हाईटेंशन तार नीचे झूल रहा है, वहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। बच्चे, बुजुर्ग और पशुपालक इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। ऐसे में हर समय किसी अप्रिय घटना का खतरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, क्योंकि तार टूटने या करंट फैलने की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, मौके पर लगे जर्जर बिजली पोल भी हादसे को न्योता दे रहे हैं।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जाहिर किया और जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते हाईटेंशन तार को सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं कराया गया और जर्जर पोल नहीं बदले गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार की जनहानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
फिलहाल गांव के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं, जबकि विभागीय उदासीनता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
