×

RTO के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर करता था ठगी, चंदौली पुलिस ने आरोपी को दबोचा

RTO के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर करता था ठगी, चंदौली पुलिस ने आरोपी को दबोचा

चंदौली। जनपद में साइबर ठगी के एक अनोखे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने परिवहन विभाग के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को परिवहन विभाग, चंदौली से जुड़ा अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और सरकारी कार्य कराने के नाम पर रकम वसूलता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर परिवहन विभाग के नाम से फर्जी अकाउंट तैयार किया था। इसके माध्यम से वह ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी दस्तावेज और अन्य परिवहन सेवाएं जल्द उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन पैसे मंगवाता था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ठगी की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। यदि जांच में अन्य पीड़ितों की जानकारी सामने आती है तो उन्हें भी मामले में शामिल किया जाएगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी सेवा या दस्तावेज से संबंधित कार्य केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल, विभागीय वेबसाइट या संबंधित कार्यालय के माध्यम से ही कराएं। किसी भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, अनधिकृत एजेंट या ऑनलाइन ठगी करने वालों से सावधान रहें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Share this story