×

फांसी या हत्या? चंदौली में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप...

फांसी या हत्या? चंदौली में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप...
 चंदौली के मैढ़ी गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप
 

चंदौली। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरवा तालुका मैढ़ी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 33 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही पुष्पा देवी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया जाता था, जिसके चलते उनकी मौत हुई है।

मृतका की भतीजी सुलेखा ने आरोप लगाया कि परिवार को पहले भी कई बार प्रताड़ना की जानकारी मिली थी, लेकिन अब संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Share this story