चंदौली में ताबड़तोड़ चली गोलियां, एक युवक को लगी गोली, अस्पताल में इलाज जारी

चंदौली। जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के सोहदवार गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। पुराने रंजिश के चलते दबंगों ने खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस फायरिंग में एक व्यक्ति परवेज अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परवेज अहमद को पैर में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घायल परवेज ने बताया कि यह हमला पूर्व से चल रही जमीनी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली मारी।
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायज़ा लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी फायरिंग के बाद घटनास्थल से फरार हो गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्त में लेने का आश्वासन दिया है।
जांच जारी, कानून व्यवस्था की स्थिति पर प्रशासन की नजर
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।