किसानों के लिए खुला सरकारी खरीद का रास्ता, चंदौली में 147 केंद्रों पर होगी धान खरीद
चंदौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत चंदौली जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पर किसान के साथ फीता काटकर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में धान खरीद के लिए कुल 147 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से विभिन्न क्रय संस्थाएं किसानों की उपज खरीदेंगी। शासन की ओर से सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा किसानों को धान की सफाई और छनाई के मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिए जाएंगे।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी उपज निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार कर सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर लेकर आएं। सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल Fcs.up.gov.in पर पंजीयन अनिवार्य है। किसान फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर भी अपनी उपज बेच सकते हैं। धान विक्रय के समय किसानों को पंजीयन प्रपत्र और आवश्यक अभिलेख साथ लाने होंगे।
डीएम ने किसानों को बिचौलियों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचकर शासन की ओर से निर्धारित एमएसपी का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल और धूप व मौसम से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या किसानों के उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
