चकिया में सीआरपीएफ कैंप के पास दिखा विशालकाय अजगर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
चंदौली। चकिया क्षेत्र स्थित सीआरपीएफ कैंप के गेट नंबर-3 के पास शुक्रवार को विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। अजगर एक आम के पेड़ पर चढ़ा हुआ था। उसे देखकर राहगीरों के साथ ही सीआरपीएफ जवान भी सतर्क हो गए।
अजगर दिखाई देने की सूचना राहगीरों और सीआरपीएफ जवानों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की।
कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर घने जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के रेस्क्यू होने के बाद सीआरपीएफ जवानों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
