×

जेम पोर्टल से खरीद प्रक्रिया होगी आसान और पारदर्शी, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

जेम पोर्टल से खरीद प्रक्रिया होगी आसान और पारदर्शी, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण
 चंदौली में जेम कार्यशाला, सरकारी खरीद में पारदर्शिता पर जोर

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय जेम (Government e-Marketplace) कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों और लेखाकारों को जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद की प्रक्रिया और नए दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से जेम पोर्टल पर लॉगिन, बिड जनरेट करने, टेंडर प्रक्रिया, खरीद और भुगतान सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभागों में अधिक से अधिक सरकारी खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए।

जेम पोर्टल से खरीद प्रक्रिया होगी आसान और पारदर्शी, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

जेम प्रकोष्ठ की कंसलटेंट प्रियंवदा अग्रवाल ने पोर्टल में किए गए नए तकनीकी सुधारों और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेम के माध्यम से खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समय बचाने वाली है। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पोर्टल का उपयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सरकारी खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और जेम पोर्टल की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story