बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, डीएम को पत्र भेजकर जांच की मांग
चंदौली। बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और कथित अव्यवस्थाओं को लेकर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजा है।
पत्र के माध्यम से उन्होंने अस्पताल में इलाज के नाम पर कथित अवैध वसूली, दवाओं की उपलब्धता, पर्ची काउंटर और मरीजों की सहायता व्यवस्था सहित कई मुद्दों को उठाते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ऑपरेशन के नाम पर वसूली के आरोपों की जांच की मांग
पूर्व विधायक ने पत्र में एक विधवा महिला से ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये, 13 हजार रुपये और 10 हजार रुपये लिए जाने के आरोपों का उल्लेख किया है।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए।

अस्पताल में ही उपलब्ध हों जरूरी दवाएं
मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने मरीजों को अस्पताल के अंदर ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं तो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
उन्होंने दवाओं के स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की भी मांग की, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की उपलब्धता को लेकर परेशानी न हो।
बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग हेल्प डेस्क की मांग
पूर्व विधायक ने मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में पर्याप्त पर्ची और रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग मरीजों के लिए अलग हेल्प डेस्क बनाए जाने की बात कही।
उन्होंने अस्पताल परिसर में दलालों और अनधिकृत बाहरी लोगों की भूमिका खत्म करने तथा मरीजों की शिकायतों के समाधान के लिए स्थायी Patient Help & Complaint Desk स्थापित करने की मांग की।
डॉक्टरों की ड्यूटी और जांच सुविधाओं की जानकारी हो सार्वजनिक
पत्र में डॉक्टरों की ड्यूटी, उपलब्ध जांच सुविधाओं और दवाओं के स्टॉक से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
पूर्व विधायक ने कहा कि मरीजों को बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार करना चाहिए।
मामले में अपर जिलाधिकारी चंदौली राजेश कुमार की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई है। पूरे मामले और लगाए गए आरोपों पर प्रशासन की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
