पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सरकार पर साधा निशाना, सेवा संकल्प कार्यक्रमों पर उठाए सवाल
चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल को लेकर आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प कार्यक्रमों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटका रही है।
पूर्व विधायक ने प्रदेश सरकार के परिषदीय विद्यालयों को हाईटेक और स्मार्ट बनाने के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर विद्यालयों को स्मार्ट बनाने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी ओर बड़ी संख्या में परिषदीय विद्यालयों के बंद होने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने 26 हजार विद्यालयों के बंद किए जाने का आरोप लगाया।
मनोज सिंह डब्लू ने विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बच्चों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कुछ विद्यालय भवनों की स्थिति खराब होने का दावा करते हुए सरकार के स्कूलों को स्मार्ट बनाने के दावों पर सवाल खड़े किए।
पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार को प्रचारात्मक कार्यक्रमों के बजाय शिक्षा, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं और बच्चों से जुड़े जमीनी मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
