चंदौली में बारिश से किसानों का नुकसान, कांग्रेस ने जिले को बाढ़ प्रभावित घोषित करने की उठाई मांग
चंदौली। जिले में लगातार हुई भारी बारिश के चलते किसानों की फसलों को हुए नुकसान और कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपकर चंदौली को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि भारी बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। पार्टी ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी उठाए सवाल
ज्ञापन में सकलडीहा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नालों की स्थिति खराब होने और अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है, जिससे लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने सकलडीहा इंटर कॉलेज के मैदान में जमा पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की भी मांग प्रशासन के सामने रखी।

विंध्य एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी उठा
ज्ञापन के दौरान विंध्य एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने प्रशासन से प्रभावित किसानों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की।
हाईटेंशन तार की चपेट में मृतकों के परिजनों को मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को भी उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि ऐसे मामलों में मृतकों के परिजनों को समय से मुआवजा मिलना चाहिए, ताकि परिवारों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर पर भी निशाना साधा और जिले की समस्याओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने प्रशासन से बारिश और जलभराव से प्रभावित लोगों तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।
