×

डीएम के आश्वासन पर 27 दिन बाद स्थगित हुआ किसानों का धरना, मांगें पूरी न होने पर नवंबर में आंदोलन की चेतावनी

डीएम के आश्वासन पर 27 दिन बाद स्थगित हुआ किसानों का धरना, मांगें पूरी न होने पर नवंबर में आंदोलन की चेतावनी

चंदौली। धानापुर क्षेत्र के गुरैनी में गंगा कटान रोकने की मांग को लेकर किसानों द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना 27वें दिन जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो नवंबर माह में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

सोमवार को जिलाधिकारी स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि बाढ़ से पहले कटानरोधी कार्य पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद किसानों ने अपना धरना स्थगित करने की घोषणा की।

धरने के दौरान किसानों ने पूर्व में कराए गए कटानरोधी कार्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन संगठन के कार्यकारी सदस्य दीनानाथ श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2021 में गुरैनी पंप कैनाल को गंगा कटान से बचाने के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई थी। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण कटानरोधी कार्य प्रभावी साबित नहीं हो सके और अधिकांश पत्थर गंगा में समाहित हो गए।

किसानों ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी धन के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नुकसान की भरपाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि गंगा कटान की समस्या का स्थायी समाधान होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

धरने में दीनानाथ श्रीवास्तव, शिवराज सिंह, दुर्गेश सिंह, अविनाश सिंह, चंद्रिका मौर्य, सुजीत सिंह, रंगीले यादव, अशोक यादव, अच्छे खान, गुड्डू यादव, नागेंद्र यादव और मौला अली सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवध यादव एवं रंगीले यादव ने संयुक्त रूप से की।

Share this story