चंदौली में अंग्रेजी शराब की तस्करी का खुलासा, सकलडीहा स्टेशन के बाहर तीन गिरफ्तार
चंदौली। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 22.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि वे लाइसेंसी दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर इकट्ठा करते थे और ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में सकलडीहा पुलिस टीम सोमवार, 28 सितंबर को चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुबह करीब 9:30 बजे सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 8PM कंपनी की 750-750 एमएल की 18 बोतल अंग्रेजी शराब और ऑफिसर चॉइस कंपनी के 180-180 एमएल के 50 टेट्रा पैक बरामद हुए। बरामद शराब की कुल मात्रा 22.5 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू राय (25), नितिश कुमार (22) और सूरज कुमार (23) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के पटना जनपद के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित नया टोला देदौर गांव के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लाइसेंसी शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब खरीदकर एकत्र करते थे। इसके बाद ट्रेन से शराब बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते थे, जिससे उन्हें मुनाफा होता था।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सकलडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के साथ उपनिरीक्षक अभिमन्यु राय, कांस्टेबल संदीप यादव, सतीश पटेल और हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।
