30 साल बाद तालाब से हटाया गया अतिक्रमण, राजस्व विभाग की कार्रवाई से करजौरा में विकास कार्य
चंदौली। धानापुर विकासखंड की मिर्जापुर ग्राम सभा अंतर्गत करजौरा गांव में लगभग 30 वर्षों से अतिक्रमण की मार झेल रहे तालाब को आखिरकार राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। ग्राम प्रधान एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयास से तालाब के सुंदरीकरण और गांव के निकास मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से तालाब पर अतिक्रमण होने के कारण गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। तालाब की बदहाल स्थिति के कारण गांव की सुंदरता और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
बताया गया कि करजौरा ग्राम सभा का तालाब कभी जिले के प्रमुख और सुंदर तालाबों में गिना जाता था, लेकिन वर्षों से अतिक्रमण और उपेक्षा के चलते इसकी स्थिति खराब हो गई थी। अब राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसके सौंदर्यीकरण और गांव के विकास कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
वर्तमान ग्राम प्रधान राजेश सिंह के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस अभियान में सहयोग किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि तालाब के सुंदरीकरण और निकास मार्ग के निर्माण से गांव की तस्वीर बदलेगी और लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।
ग्रामवासियों ने प्रशासन और राजस्व विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
