×

बूथ की मजबूती से ही मिलेगी चुनावी सफलता : रमेश सिंह

बूथ की मजबूती से ही मिलेगी चुनावी सफलता : रमेश सिंह

चंदौली। भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय पर उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता रमेश सिंह का आगमन हुआ। इस अवसर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (SSR) एवं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश एवं क्षेत्रीय संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

 

बूथ की मजबूती से ही मिलेगी चुनावी सफलता : रमेश सिंह

 

बैठक को संबोधित करते हुए रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत होता है। कार्यकर्ता को देवदुर्लभ इसलिए कहा जाता है, क्योंकि वह संगठन के आह्वान पर अपने व्यक्तिगत कार्यों को छोड़कर कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी निष्ठा से जुट जाता है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं भी एक कार्यकर्ता रहा हूं और आज भी अपने आपको कार्यकर्ता ही मानता हूं। मंच पर बैठे नेताओं को यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि उनकी पहचान और प्रतिष्ठा के पीछे एक समर्पित कार्यकर्ता का अथक परिश्रम होता है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर कम से कम 50 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का संकल्प ले। यदि सभी कार्यकर्ता इस लक्ष्य को गंभीरता से पूरा करेंगे तो संगठन को निश्चित रूप से बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं एक विद्यालय में लगभग 150 नए मतदाताओं के फॉर्म भरवाए हैं, जिन्हें शीघ्र ही जमा कराया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारा वास्तविक कार्यक्षेत्र बूथ है। हम किसी भी पद या दायित्व पर हों, हमारी मेहनत और संगठनात्मक क्षमता का वास्तविक परिणाम बूथ पर ही दिखाई देता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव का समय निकट है और भारतीय जनता पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं एवं मजबूत संगठनात्मक संरचना के साथ पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल ने किया। प्रभारी मंत्री चंदौली संजीव गौड़ ने बताया कि अब हमारा मूल दायित्व है कि पुनः योगी जी के नेतृत्व में सरकार बनाए।

इस अवसर पर तेलंगाना के संगठन महामंत्री एन. चंद्रशेखर, राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल, विधायक चकिया कैलाश आचार्य, विधायक सैयदराजा सुशील सिंह , सर्वेश कुशवाहा, किरण शर्मा, हरिश्चंद्र अग्रहरि, जैनेंद्र कुमार, राकेश मिश्रा, सुरेश मौर्य, अरुण जायसवाल, संजय गुप्ता, पुष्पांजलि, के.एन. पांडेय, राणा सिंह, अभिमन्यु सिंह, गोपाल, नंदगोपाल राजभर सहित मंडल अध्यक्ष चहनिया मनोज कुशवाह, दिलीप मंडल अध्यक्ष बलुआ जयप्रकाश चौहान, मंडल अध्यक्ष सकलडीहा पूर्वी अरुण मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सकलडीहा पश्चिमी गंगा सनी, विवेक सिंह, कुंदन सिंह, पीयूष गुप्ता, शशांक पांडेय सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story