एकौनी गांव बना यूपी का रोल मॉडल, कृषि मंत्री ने सराहा बायो गैस मॉडल
चंदौली। जिले का एकौनी गांव अब आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास का नया उदाहरण बनकर उभरा है। प्रदेश के कृषि मंत्री ने गांव पहुंचकर युवा इंजीनियर चंद्र प्रकाश द्वारा विकसित बायो गैस प्लांट और गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में इस तरह के मॉडल को विकसित करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री ने एकौनी गांव स्थित नंद सदन में संचालित बायो गैस प्लांट का जायजा लिया। यहां युवा इंजीनियर चंद्र प्रकाश की तकनीक के माध्यम से तैयार की जा रही बायो गैस से गांव के लगभग 125 घरों में गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल ग्रामीण आत्मनिर्भरता, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मंत्री ने बताया कि बायो गैस के माध्यम से लोगों को सामान्य गैस की तुलना में लगभग आधी कीमत पर ईंधन उपलब्ध हो रहा है। इसके साथ ही परियोजना के तहत लगभग 200 गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है, जिससे डेयरी विकास और जैविक खेती को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहले इस परियोजना और युवा इंजीनियर चंद्र प्रकाश के नवाचार की सराहना कर चुके हैं। सरकार ऐसे सफल मॉडलों को प्रदेश के अन्य जनपदों में लागू करने की योजना पर कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्वच्छ ऊर्जा और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस प्रकार की योजनाएं बेहद उपयोगी साबित होंगी। एकौनी गांव का यह मॉडल अब पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया है।
