पीआरडी स्वयंसेवकों का बढ़ा ड्यूटी भत्ता, अब 600 रुपये प्रतिदिन; कैशलेस इलाज की भी शुरुआत
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से पीआरडी जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
अब पीआरडी स्वयंसेवकों को 500 रुपये के बजाय 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही जवानों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा वर्दी भत्ता वितरण की शुरुआत भी की गई।
चंदौली में करीब 150 पीआरडी जवान वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां करीब 150 पीआरडी स्वयंसेवक वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उनके साथ जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उपायुक्त स्वतः रोजगार और जिला युवा कल्याण अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान पीआरडी जवानों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ किया गया।
चंदौली के पीआरडी जवान साकिर अंसारी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इस सुविधा का लाभ मिला। सरकार की इस पहल से जवानों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ में बनेगा 22.95 करोड़ का मल्टीस्टोरी बैरक
कार्यक्रम में लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्राम परवर पश्चिम में 22.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण की भी जानकारी दी गई। सरकार की ओर से पीआरडी जवानों के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
विधायक रमेश जायसवाल ने जवानों से की कर्तव्यनिष्ठा की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने सरकार की नई घोषणाओं पर पीआरडी जवानों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दिए गए मान-सम्मान और सुविधाओं को जवान अपनी प्रेरणा बनाएं और पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाएं।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान समाज की सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और उनकी सेवा प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
चंदौली में 390 सक्रिय पीआरडी जवान पंजीकृत
जिला युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार चंदौली जनपद में वर्तमान में 390 सक्रिय पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। इनकी ड्यूटी विभागीय पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से लगाई जाती है। वर्तमान में 349 जवानों की तैनाती विभिन्न विभागों में की गई है।
थानों से लेकर कलेक्ट्रेट और स्वास्थ्य विभाग में तैनाती
पीआरडी जवानों को थानों, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग, कलेक्ट्रेट सुरक्षा, खनन विभाग, विकास भवन सहित विभिन्न विभागीय और गैर-विभागीय संस्थानों में तैनात किया गया है।
जवानों को मिलने वाले मानदेय का भुगतान मस्टररोल के आधार पर सीधे कोषागार से ई-पेमेंट के जरिए उनके बैंक खातों में किया जाता है।
सरकार की घोषणाओं से जवानों में खुशी
दैनिक ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और वर्दी भत्ता जैसी घोषणाओं से चंदौली के पीआरडी जवानों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों और उपस्थित जवानों का आभार जताया तथा सभी से पूरी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
