चंदौली में नशे में धुत युवक ने अस्पताल की छत से लगाई छलांग, दोनों पैर टूटे

चंदौली। मुख्यालय स्थित हेरीटेज मातृशिशु अस्पताल में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। नगर के वार्ड नंबर 11 संजय नगर निवासी 25 वर्षीय फत्तेबहादुर उर्फ गोलू, पुत्र शौकत अली, नशे की हालत में अस्पताल की छत से कूद गया। इस हादसे में उसके दोनों पैरों की हड्डियाँ टूट गईं।
घटना के तुरंत बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सक और स्टाफ युवक को बचाने के लिए मौके पर दौड़े। वहीं उपस्थित लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर सदर कोतवाल संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फत्तेबहादुर किसी मरीज को देखने अस्पताल आया था। इसी दौरान नशे की हालत में वह छत पर चढ़ गया और अचानक नीचे छलांग लगा दी।
सदर कोतवाल संजय सिंह ने बताया - युवक नशे की हालत में अस्पताल आया था। वहां उसने छत से छलांग लगा दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल परिसर में इस घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। लोग इस बात पर हैरान हैं कि युवक ने ऐसी खतरनाक हरकत क्यों की।