×

चहनियां PHC में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, घायल व्यापारी को इलाज न मिलने पर व्यापारियों का हंगामा

चहनियां PHC में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, घायल व्यापारी को इलाज न मिलने पर व्यापारियों का हंगामा

चंदौली। चंदौली जिले के चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यापारी को समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगा। घटना से नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का आरोप है कि सड़क हादसे में घायल व्यापारी घंटों तक अस्पताल में दर्द से तड़पता रहा, लेकिन इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अनुराग यादव मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. परितोष मिश्रा अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचे। इससे व्यापारियों का आक्रोश और बढ़ गया।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है, निजी जांच कराने की सलाह दी जाती है और प्रसूताओं से भी अवैध रूप से पैसे मांगने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

व्यापार मंडल अध्यक्ष भानू प्रताप यादव और प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने डॉक्टर अनुराग यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल स्थानांतरण की मांग की। उनका कहना था कि सरकारी अस्पतालों में इस तरह की लापरवाही आम लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है।

मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा ने कहा कि अस्पताल में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

Share this story