चंदौली में डीएम का जनता दर्शन, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
चंदौली। चंदौली में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतों से जुड़े मामलों में मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता देने को कहा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
