चंदौली में डीएम-सीडीओ का परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल और चखा मिड-डे मील
चंदौली, 23 सितंबर। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने बुधवार को जिले के परिषदीय विद्यालयों और गेस्ट हाउस का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों के शैक्षणिक स्तर, व्यवस्थाओं और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय बसारिकपुर से हुई। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में संचालित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं व गतिविधियों के संचालन की स्थिति देखी।

इसके बाद दोनों अधिकारी कंपोजिट विद्यालय खगवल पहुंचे। जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके ज्ञान का परीक्षण किया। कक्षा छह के विद्यार्थियों से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाई गई और विभिन्न शब्दों के अर्थ पूछे गए।

विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन चखा। उन्होंने भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और स्वच्छता का जायजा लिया। भोजन मानक के अनुरूप पाए जाने पर उन्होंने संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने गेस्ट हाउस बर्थरा खुर्द का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नवनिर्मित भवन का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा कराने और इसके बाद संबंधित विभाग को भवन हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
