जनहित के मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी से मिले आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष
चंदौली। आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष परम सिंह राजपूत ने जिलाधिकारी चंदौली से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए जनपद के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान परम सिंह राजपूत ने कहा कि जिले के समग्र विकास के साथ आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण के लिए आपसी सहयोग और सकारात्मक पहल जरूरी है।
उन्होंने संगठन की विचारधारा को साझा करते हुए अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने तथा आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि आजाद अधिकार सेना जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
