×

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, 95 शिकायतें प्राप्त, 6 का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, 95 शिकायतें प्राप्त, 6 का मौके पर निस्तारण
चंदौली। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की।

इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण एवं अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्रामीणों ने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, चकमार्ग की पैमाइश, राशन कार्ड तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को उठाया।

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच एवं पैमाइश कर विवादों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सदर तहसील परिसर एवं आसपास की नालियों की मानसून से पूर्व सफाई कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर पंचायत चंदौली के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, जिससे जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर विजय कुमार त्रिवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर, डीसी मनरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, परियोजना अधिकारी डूडा राजेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता विद्युत, नगर पंचायत चंदौली के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story