×

रेलवे गेट पर फुटओवर ब्रिज की मांग तेज, बरठी कमरौर के ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

रेलवे गेट पर फुटओवर ब्रिज की मांग तेज, बरठी कमरौर के ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

चंदौली। जनपद चंदौली के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा बरठी कमरौर, पोस्ट-नौबतपुर के ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या के समाधान के लिए सैयदराजा विधायक सुशील सिंह को ज्ञापन सौंपकर रेलवे गेट संख्या LC-71/C/E पर फुटओवर ब्रिज (पैदल पुल) के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद रहने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और यह समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि रेलवे गेट बंद होने से गांव का मुख्य संपर्क मार्ग बाधित हो जाता है। इससे विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, महिलाओं, मरीजों, बुजुर्गों तथा नौकरी व व्यापार के लिए आने-जाने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन स्थिति में भी लोगों को समय पर अस्पताल या अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में कठिनाई होती है, जिससे जान-माल का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रेलवे गेट पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण करा दिया जाए तो पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इससे रेलवे फाटक बंद रहने के बावजूद लोगों का आवागमन प्रभावित नहीं होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने विधायक से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग को प्राथमिकता के आधार पर रेलवे एवं संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर जल्द से जल्द फुटओवर ब्रिज निर्माण की स्वीकृति दिलाने की अपील की है। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उनकी इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी। ज्ञापन पर ग्राम पंचायत बरठी कमरौर के प्रधान की मुहर के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज कराई। इस दौरान गांव के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में कहा कि फुटओवर ब्रिज का निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होंगे।

Share this story