छठ पर घर लौटने वालों की उमड़ी भीड़, ट्रेनों के शौचालय तक में यात्रियों का कब्जा
वाराणसी/पीडीडीयू नगर। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहे प्रवासी कामगारों की भीड़ ने रेल यातायात व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालात ऐसे हैं कि ट्रेनों के सामान्य और स्लीपर कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है। यात्रियों को मजबूरी में दरवाजों, खिड़कियों और यहां तक कि शौचालयों में बैठकर सफर करना पड़ रहा है।
इसकी तस्वीर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पहुंची ट्रेन संख्या 03294 पटना फेस्टिवल स्पेशल में देखने को मिली। ट्रेन के कोच यात्रियों से खचाखच भरे हुए थे। सामान्य डिब्बों में जगह नहीं मिलने के कारण कई यात्री शौचालय के भीतर बैठकर यात्रा करते नजर आए। वहीं, कोच के दरवाजों और खिड़कियों के आसपास भी यात्रियों की भारी भीड़ जमा थी। यह स्थिति यात्रियों की मजबूरी के साथ ही सुरक्षित रेल यात्रा के इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर रही है।
दरअसल, दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब समेत देश के विभिन्न महानगरों में रोजगार करने वाले बड़ी संख्या में कामगार दीपावली और छठ पर्व पर अपने घर लौट रहे हैं। परिवार के साथ त्योहार मनाने की चाह में लोग लंबी दूरी की यात्रा करने को तैयार हैं। नियमित ट्रेनों के अलावा रेलवे की ओर से संचालित विशेष ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव कम होता नजर नहीं आ रहा है।
छठ महापर्व नजदीक आने के साथ ही ट्रेनों में भीड़ और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर रेलवे के सामने बड़ी चुनौती है। त्योहारों के दौरान हर साल ट्रेनों में इसी तरह की भीड़ देखने को मिलती है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं हो पाती।
यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने, विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत है। शौचालय जैसी जगहों पर बैठकर यात्रा करना न केवल असुविधाजनक है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर चिंता का विषय है। त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े, इसके लिए रेल प्रशासन को समय रहते प्रभावी कदम उठाने होंगे।
