नवीन मंडी के पास सड़क हादसे में घायल गोवंश की मौत, गौ प्रेमियों ने कराया सम्मानपूर्वक अंतिम निस्तारण
चंदौली। नवीन मंडी के समीप सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक गोवंश की इलाज मिलने से पहले मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल गोवंश सड़क किनारे काफी देर तक तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी गौ प्रेमी परमानंद तिवारी को दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पशु चिकित्सक को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर पशु चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल गोवंश का उपचार करने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकीय टीम के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गोवंश की मौत के बाद उसके शव को सड़क से हटाने और सम्मानपूर्वक अंतिम निस्तारण के लिए जेसीबी की मदद ली गई। मौके पर गड्ढा खुदवाकर मृत गोवंश को विधि-विधान से दफन कराया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।
मौके पर रवि प्रकाश शर्मा (लाइब्रेरियन), योगेश मौर्य, छब्बू यादव और रोशन यादव समेत कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने गोवंश के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए समय पर सूचना देने और उसके अंतिम निस्तारण में सहयोग करने की सराहना की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नवीन मंडी और आसपास के इलाकों में सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं के कारण अक्सर हादसे की आशंका बनी रहती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर पशुओं की मौजूदगी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और सड़क हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
