×

चंदौली में हाईटेंशन तार की चपेट में आया कंटेनर, खलासी की दर्दनाक मौत; चालक समेत 11 मजदूर घायल

चंदौली के नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कंटेनर के खलासी की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि चालक सहित 11 मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

चंदौली। नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। धान की भूसी लादने जा रहा एक कंटेनर हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे में कंटेनर के खलासी की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि चालक सहित 11 मजदूर झटका लगने के बाद किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गए। घायल मजदूरों का सोनभद्र जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार कंटेनर नौगढ़ से सोनभद्र मार्ग होते हुए रामगढ़ की ओर धान की भूसी लादने जा रहा था। जैसे ही वाहन विशेषरपुर गांव के पास पहुंचा, सड़क पर बनी ऊंची पुलिया के कारण कंटेनर की ऊंचाई ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। संपर्क होते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और अफरा-तफरी मच गई।

चप्पल लेने गया खलासी, करंट की चपेट में आने से मौत

करंट का झटका महसूस होते ही चालक, खलासी और कंटेनर में सवार मजदूर तुरंत नीचे कूद गए। इसी दौरान सोनभद्र के अमड़ा गांव निवासी खलासी अशोक कुमार की चप्पल केबिन में छूट गई। वह दोबारा चप्पल लेने के लिए केबिन में चढ़ा, तभी करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी। विद्युत आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद खलासी को कंटेनर से बाहर निकाला गया और तत्काल सोनभद्र जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

11 मजदूरों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल मजदूरों में बृजेश, धतूरा, सद्दाम, महेंद्र, बिंदु, नंदलाल, जगदीश, दिनेश, महेश, अनिल और राहुल शामिल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल सोनभद्र में उपचार जारी है।

थानाध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। वहीं उपखंड अधिकारी विद्युत दिनेश सिंह ने बताया कि कंटेनर की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share this story