×

चंदौली में लापरवाही का खामियाजा,बिजली पोल लगाते समय फटी पाइपलाइन, गांवों में पानी संकट और किसानों की फसल डूबी

यह घटना हिंगुतरगढ़ गांव स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के पास हुई। पाइपलाइन फटने से हिंगुतरगढ़, बुद्धपुर और नौघरां सहित कई गांवों में पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल की आपूर्ति ठप है।

चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड अंतर्गत हिंगुतरगढ़ गांव में विकास कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। 33 हजार वोल्ट की निर्माणाधीन विद्युत लाइन के लिए पोल खड़ा करते समय जल निगम की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

घटना के बाद हिंगुतरगढ़ के साथ-साथ बुद्धपुर और नौघरां समेत आसपास के कई गांवों में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।

इधर, पाइपलाइन फटने से सड़क किनारे स्थित खेतों में पानी भर गया है, जिससे तैयार खड़ी गेहूं की फसल बर्बाद होने लगी है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के ठीक पहले इस तरह का नुकसान उनके लिए आर्थिक संकट बन सकता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो बिजली विभाग और न ही जल निगम के अधिकारी मौके पर गंभीरता दिखा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस मामले में एसडीओ सुधीर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित ठेकेदार को पाइपलाइन की मरम्मत और जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Share this story