चंदौली में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, विधानसभा अध्यक्ष पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप
चंदौली। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर कस्बा चौकी के पास पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान काफी देर तक कोई सक्षम अधिकारी और कोतवाल मौके पर नहीं पहुंचा तो नाराज कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
करीब आधे घंटे बाद सदर कोतवाल बीके पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाया और उनका धरना समाप्त कराया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा राष्ट्रगान का अपमान किया गया। इसी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने चंदौली जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद देश और प्रदेश की स्थिति खराब हुई है तथा भाजपा नेताओं द्वारा राष्ट्र, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का बार-बार अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्नाव में विधानसभा अध्यक्ष से जुड़ी घटना भी इसी का उदाहरण है।
अरुण कुमार द्विवेदी ने मांग की कि विधानसभा अध्यक्ष से जुड़ी घटना के सभी वीडियो फुटेज की जांच कराई जाए और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में सतीश महाना दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें विधानसभा अध्यक्ष के पद से भी हटाया जाना चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं भाजपा के बड़े नेताओं के इशारे पर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे मामलों का विरोध करती रहेगी और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को सचेत किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मधु राय, रजनीकांत पांडेय, दयाराम पटेल, राजेंद्र कुमार गौतम, राममूरत गुप्ता, रामअवतार यादव, शमशेर खान, गुलाम अली, मुनीर खान, रामानंद सिंह यादव, चंद्रवंश सिंह, दिनेश चंद्र, राकेश पाठक, गंगा प्रसाद और श्रीकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
