×

श्रीराम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, जिला मुख्यालय पर निकाला 'चढ़ावा चोर गद्दी छोड़' मार्च

श्रीराम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, जिला मुख्यालय पर निकाला 'चढ़ावा चोर गद्दी छोड़' मार्च

चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 'चढ़ावा चोर गद्दी छोड़' मार्च तथा 'बुद्धि शुद्धि पदयात्रा' निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह 'मुन्ना' ने कहा कि श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले में पारदर्शी कार्रवाई करने के बजाय लीपापोती कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि मामले में सामने आ रही जानकारियों के बावजूद सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों को कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि देश के प्रमुख मंदिरों के संचालन में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की विभिन्न नीतियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा अन्य जनहित के मुद्दों को भी उठाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन सह-प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर बृजेश गुप्ता, विजय त्रिपाठी, रामनंद यादव, रजनीकांत पांडेय, डॉ. रामधार, जोसफ, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, मुनीर खान, गंगा प्रसाद, शशिनाथ उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story